MOTIHARI: बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने कथित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र की गंडक कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी के दौरान पुलिस ने देसी कट्टे, अर्द्धनिर्मित हथियार, कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी हरेन्द्र शर्मा ने पूछताछ में बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से हथियार बनाना सीखा था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला था। वीडियो में एक व्यक्ति विश्वकर्मा पूजा के दौरान हथियार के साथ पूजा करता दिखाई दे रहा था। जांच के दौरान उसकी पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर घरबारी टोला निवासी हरेन्द्र शर्मा के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि हरेन्द्र शर्मा वर्तमान में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र की गंडक कॉलोनी में मकान बनाकर रह रहा था। इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
देसी कट्टे और अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद
पुलिस ने गंडक कॉलोनी स्थित मकान की तलाशी के दौरान दो लोहे के देसी कट्टे, तीन अर्द्धनिर्मित कट्टे और कारबाइन जैसा एक अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद किया। इसके अलावा 8 एमएम केएफ अंकित पांच जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।
पुलिस ने मौके से एक चाकू, लकड़ी के बेंट वाली दो हथौड़ियां, एक बड़ा प्लास, एक लोहे की कटर मशीन और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पिता-पुत्र गिरफ्तार, हथियारों की सप्लाई की जांच
इस मामले में पुलिस ने 41 वर्षीय हरेन्द्र शर्मा और उसके 21 वर्षीय बेटे प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया है। सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार के अनुसार, हरेन्द्र शर्मा लोहा और लकड़ी का काम करता था। पुलिस को आशंका है कि इसी काम की आड़ में वह अवैध हथियार बनाने में जुटा था।
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में यूट्यूब के माध्यम से हथियार बनाना सीखने की बात सामने आई है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत, निर्माण में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।





