Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। सीतामढ़ी के पुनौरा थाना क्षेत्र के परोड़ी पुल के समीप करीब 19 वर्षों से संचालित कपड़े की दुकान में दबंगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में दुकान के निचले फ्लोर पर रखा साड़ी, कपड़ा समेत पूरा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 30 से 35 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज को लेकर हुआ था विवाद
दुकान संचालक मुकेश कुमार के अनुसार, रविवार शाम दुकान के सामने दो युवकों के बीच मारपीट और हाथापाई हुई थी। इसी दौरान तलखापुर निवासी शाहबुद्दीन साह दुकान पर पहुंचा और मारपीट की घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की मांग करने लगा। दुकानदार ने फुटेज देने से इनकार करते हुए स्पष्ट कहा कि वह फुटेज केवल पुलिस को ही उपलब्ध कराएंगे।
फुटेज नहीं मिला तो लगा दी आग
दुकानदार का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने से नाराज होकर शाहबुद्दीन साह ने बीती रात राजेश वस्त्रालय में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के निचले फ्लोर पर रखी साड़ियां, कपड़े और अन्य सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गए। दुकान का पूरा सेटअप भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मुकेश कुमार ने बताया कि करीब 19 वर्षों से वह इस दुकान का संचालन कर रहे थे। इस घटना से उनका पूरा कारोबार प्रभावित हो गया है।
लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी के साथ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम की सूचना पर सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और आवागमन बहाल हो सका।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
पुनौरा थानाध्यक्ष रमन राज ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। बीती रात भी उसके घर पर पुलिस ने छापेमारी की थी, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।




