SHEOHAR: शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान अवैध हथियार के साथ दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है। वहीं, मौके का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए बालकों के पास से एक देसी कट्टा और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 11 नवंबर को तरियानी थाना पुलिस नियमित गश्ती एवं वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो सभी भागने लगे।
पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दो विधि-विरुद्ध बालकों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। पकड़े गए दोनों बालकों की तलाशी लेने पर एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने अवैध हथियार और बुलेट मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया है। फरार दोनों व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में तरियानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। शिवहर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध हथियार से संबंधित सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
समीर कुमार झा की रिपोर्ट





