PURNEA: पूर्णिया के जलालगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 26 सितंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध हथियार की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने सरसौनी वार्ड नंबर 05 स्थित नीरज कुमार ततमा के घर पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान घर से चार देशी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। मौके से नीरज कुमार ततमा, उम्र 24 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में जलालगढ़ थाना कांड संख्या 219/26 दर्ज किया गया है।
इसके बाद टीम ने दूसरी कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर चक वार्ड नंबर 06 निवासी रमेश चौहान के घर पर छापेमारी की। यहां से एक देशी कट्टा बरामद करते हुए रमेश चौहान, उम्र 27 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया। मामले में जलालगढ़ थाना कांड संख्या 220/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी कौशल कुमार भारती पहले से हत्या के एक मामले में जेल में बंद है। दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।





