NALANDA: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। राजगीर के छबिलापुर थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुर गांव में शुक्रवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर के बरामदे में माता-पिता के बीच सो रहे 8 महीने के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के 31 घरों की तलाशी ली लेकिन मासूम बच्चे का पता नहीं चल सका। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
अपहृत मासूम की पहचान कंचनपुर गांव निवासी महेश मांझी के आठ माह के बेटे 'जनसुराज' के रूप में हुई है। जो चार भाई-बहनों में सबसे छोटा है। परिजनों ने बताया कि रात में भीषण गर्मी के कारण पूरा परिवार घर के बाहर बरामदे में सोया हुआ था। रात्रि करीब 12 बजे तक बच्चा अपनी मां के पास सोया हुआ था लेकिन एक घंटे बाद जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो मासूम बिस्तर से गायब मिला। बच्चे को पास में ना देख मां फूट-फूटकर रोने लगती है, फिर यह बात पूरे गांव में फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण भी रातभर बच्चे की तलाश आसपास के इलाकों में करते रहे, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। अगले दिन बारिश के बावजूद खोजबीन जारी रहा। कंचनपुर के अलावे कोलबाबाद, कटारी और बथानी गांवों में भी बच्चे की तलाश की गयी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि माता-पिता के बीच सो रहे बच्चे को बिना किसी आहट के उठाकर ले जाना किसी बाहरी व्यक्ति के लिए आसान नहीं है। परिजनों ने आशंका जताई है कि इस घटना में किसी स्थानीय व्यक्ति या मुखबिर का हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए छबिलापुर थाना पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। राजगीर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) संजीत कुमार गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस ने कंचनपुर गांव के सभी 31 घरों की सघन तलाशी भी ली है।
जांच को तकनीकी और वैज्ञानिक आधार देने के लिए पटना से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया है। खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन भी ट्रैक की जा रही है।
बच्चे के अचानक गायब होने से मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरे गांव के लोग मासूम जनसुराज की सकुशल बरामदगी के लिए दुआ कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बच्चे की सुरक्षित बरामद करना उनकी पहली प्राथमिकता है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा और जिस किसी ने भी यह काम किया है कि उसे बख्शा नहीं जाएगा।





