Bihar Crime News: बिहार के सहरसा शहर में बाबाजी चौक इलाके में शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। अभिजीत सिंह का शव उनके घर के अंदर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा के अनुसार, अभिजीत सिंह पिछले कई वर्षों से बाबाजी चौक स्थित अपने घर में अकेले रह रहे थे। करीब 7-8 वर्ष पहले बीमारी के कारण उनके माता-पिता की मौत हो गई थी, जबकि उनका छोटा भाई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है। शुक्रवार सुबह काफी देर तक घर से कोई आवाज नहीं आने पर परिचितों को शक हुआ। लोग जब उन्हें देखने पहुंचे तो अभिजीत सिंह मृत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शुरुआत में शव की स्थिति देखकर तकिए से मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। हालांकि, एफएसएल टीम के साथ जांच के दौरान तकिया हटाने पर कनपटी के पास गोली लगने के निशान की आशंका सामने आई। गोली लगने से चेहरे के एक हिस्से पर गंभीर असर पड़ा है। मौके पर पहुंचे डीएसपी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल की प्रथमदृष्टया स्थिति से अभिजीत सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि अभिजीत सिंह रात में एक कार्यक्रम से लौटकर अपने घर आए थे। इसके बाद की गतिविधियों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इधर पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की जल्द और निष्पक्ष जांचकर दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।





