DESK: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित घर में एक बुजुर्ग महिला, उसकी बहू और दो मासूम बच्चों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। चारों की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस फिलहाल पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।
वहीं, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला है। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र साहू ने पहले अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। नरेंद्र साहू ने किन परिस्थितियों में इस वारदात को अंजाम दिया, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। एक साथ घर के 5 सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैली हुई है। हर कोई इस घटना से हैरान हैं, वही पुलिस घटना के तमाम बिन्दुओं की जांच में जुटी है।





