Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 में किराए के मकान में करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला है। युवक की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। उसके दोनों आंखें निकाल ली गई हैं। घटना के बाद से उसकी पत्नी और दो बच्चे घर में नहीं मिले हैं। पुलिस उनकी तलाश और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
मकान मालिक शिव शंकर सिंह ने बताया कि युवक ने करीब दो महीने पहले 1800 रुपए महीने के किराए पर कमरा लिया था। वह मजदूरी करता था। उसके साथ उसकी पत्नी और दो बच्चे भी रहते थे। मकान मालिक के अनुसार, परिवार के बीच किस तरह का विवाद था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
मकान मालिक ने बताया कि शुक्रवार सुबह दूध देने वाला व्यक्ति रोज की तरह मकान में दूध देने पहुंचा था। वह मकान में रहने वाले दो किरायेदारों को दूध देता है। पहले किरायेदार को दूध देने के बाद वह दूसरे कमरे में पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा सटा हुआ था। धक्का देने पर वह खुल गया। अंदर युवक का शव देखकर दूध देने वाला व्यक्ति शोर मचाने लगा। इसके बाद डायल-112 की टीम को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। टाउन-2 एसडीपीओ कार्तिकेयन के.ए. भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। टीम मौके से साक्ष्य संकलन कर रही है।
अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





