Bihar News: बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिसकर्मी पर अंधाधुंध फायरिंग करने का आरोप लगा है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ की सुरक्षा में तैनात ASI पर गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार रात से ही थाने में कैंप कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ASI पर विजय यादव के घर में गलत नीयत से घुसने का आरोप है। बताया जा रहा है कि घर में मौजूद महिलाओं ने उसे अंदर बंद कर बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी। इसके बाद घर के अंदर फंसे ASI ने खिड़की से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी की इस घटना में अशोक यादव नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद रात से थाने में कैंप कर रहे SSP
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार रात से ही बाबूबरही थाना में कैंप कर रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल आरोपी ASI की भूमिका, घर में घुसने के पीछे की वजह और गोलीबारी की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।





