Bihar Crime News: भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के मिठहां गांव में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां ओझाई कर अपनी पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से जख्मी बड़े भाई ने शुक्रवार की सुबह घर पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान धनगाई थाना क्षेत्र के मिठहां गांव के वार्ड नंबर 12 निवासी स्व. रबड़ राम के 73 वर्षीय पुत्र हीरालाल राम के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उनके छोटे भाई ने ही लाठी-डंडे से पीटकर उनकी हत्या की है।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान हीरालाल राम के सिर के पीछे बाईं ओर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। उनके सिर पर भी जख्म पाया गया है। घटना के बाद गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही धनगाई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए हैं तथा परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल व्यक्ति की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





