Bihar Crime News: बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बसही गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर धान के खेत से एक ट्रैक्टर चालक का शव बरामद हुआ।
खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान बसही गांव के वार्ड संख्या-8 निवासी 55 वर्षीय पंचलाल महतो के रूप में हुई है। पंचलाल महतो विक्रमपुर बाजार स्थित गिट्टी-बालू डिपो में ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करते थे।
परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन पंचलाल महतो विक्रमपुर बाजार स्थित गिट्टी-बालू डिपो में करीब दोपहर एक बजे तक काम कर रहे थे। काम समाप्त होने के बाद डिपो मालिक ने उन्हें छुट्टी दे दी थी। इसके बाद पंचलाल महतो घर लौटे, लेकिन कुछ समय बाद वह अचानक लापता हो गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पंचलाल महतो के मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी लोकेशन खंगाली गई। मोबाइल लोकेशन आसपास के क्षेत्र में ही बताई जा रही थी, लेकिन रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
शनिवार की सुबह स्थानीय लोग खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे की नजर धान के खेत में पड़े शव पर पड़ी। बच्चे ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान पंचलाल महतो के रूप में की। इसके बाद चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।
पंचलाल महतो के परिवार की स्थिति भी बेहद मार्मिक बताई जा रही है। बताया जाता है कि उनके परिवार में इकलौता बेटा और बहू हैं, जो घर पर रहते हैं। पंचलाल महतो की पत्नी का निधन पहले ही हो चुका है। ऐसे में परिवार में अब उनके निधन के बाद बेटे और बहू पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर खेत में पंचलाल महतो का शव मिलने के बाद उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर वह घर से खेत तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, इसका जवाब फिलहाल नहीं मिल पाया है।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि पंचलाल महतो नशे का सेवन करते थे। कुछ लोगों द्वारा नशीले अथवा जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इन चर्चाओं की अभी पुलिस स्तर से कोई पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





