Bihar News: बिहार के सीवान में पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में पांच लोगों की मौत के बाद मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। दीपावली से पहले सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए शनिवार को गरीबनाथ मंदिर के समीप स्थित पटाखा मंडी में छापेमारी की गई। इस दौरान चार से पांच दुकानों को सील किया गया और बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान पटाखा कारोबारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
एसडीएम आनंद उत्सव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अग्निशमन विभाग की टीम भी शामिल रही। टीम ने पटाखा दुकानों में सुरक्षा मानकों और निर्धारित एसओपी के पालन की जांच की। नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासन ने कारोबारियों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी प्रज्ञा सरन ने बताया कि पटाखा मंडी में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और दुकानों की जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि निर्धारित एसओपी का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।
वहीं, एसडीएम आनंद उत्सव ने बताया कि पटाखा मंडी में कई दुकानों के अवैध रूप से संचालित होने और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम ने जांच की। कार्रवाई के दौरान चार से पांच दुकानों को सील किया गया और बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी है।
गौरतलब है कि सीवान में पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई थी। बारूद के भारी भंडार में हुए धमाके से दो मंजिला पक्का मकान ढह गया था। इस घटना के बाद मुजफ्फरपुर प्रशासन दीपावली के मद्देनजर पटाखों के भंडारण और बिक्री की जांच कर रहा है, ताकि जिले में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





