1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 08, 2025, 8:23:13 AM
PRAGATI YATRA - फ़ोटो file photo
PRAGATI YATRA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज (8 जनवरी को) सारण जिले का दौरा करेंगे। उनकी प्रस्तावित प्रगति यात्रा को लेकर सारण के लोगों में खासा उत्साह है। सीएम के इस यात्रा को लेकर एकमा, गड़खा और छपरा सदर प्रखंड के निवासियों को मुख्यमंत्री से बड़ी उम्मीदें हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री जब भी सारण आते हैं तो क्षेत्र को किसी न किसी बड़ी योजना का तोहफा मिलता है।
दरअसल, आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए स्थानीय लोग मानते हैं कि जदयू-भाजपा का गठबंधन सारण में मजबूत है। मुख्यमंत्री का क्षेत्र पर लगातार ध्यान और कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखना इसकी प्रमुख वजह है। वहीं, जिला प्रशासन मुख्यमंत्री की यात्रा को ऐतिहासिक बनाने में पूरी ताकत झोंक रहा है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी दूसरे चरण की प्रगति यात्रा के अंतिम चरण में जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इससे पहले, मुख्य कार्यक्रम स्थल महमदा और एकमा में मुख्यमंत्री कई विकास योजनाओं का रिमोट से उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। महमदा पंचायत में होने वाले कार्यों की प्रमुख झलक: आंगनबाड़ी केंद्र का जीर्णोद्धार (वार्ड नंबर 6), बेलाही पोखरा (पश्चिम) में छठ घाट का सौंदर्यीकरण और निर्माण, सड़क और नल मरम्मत कार्य, चबूतरे का निर्माण और मरम्मत, मनरेगा के तहत खेल मैदान और ग्रामीण हाट का निर्माण, पोषण वाटिका और वृक्षारोपण कार्य, एकमा के लिए फोरलेन सड़क की सौगात और आवागमन को सुगम बनाने के लिए एकमा के निवासियों को दो फोरलेन सड़कों का तोहफा मिलने की संभावना है।
इधर, मुख्यमंत्री सारण प्रमंडल के लिए बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। इस कॉलेज के बनने से सारण प्रमंडल के मरीजों को पटना या अन्य शहरों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा। खासकर गरीब तबके के मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिला मुख्यालय से लेकर सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।