BANKA: बिहार के बांका जिले में रविवार शाम सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई। अमरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर मकदूम्मा पंचायत स्थित बलिया गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर स्कॉर्पियो से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से 10 से अधिक खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सिट्टू सिंह और 40 वर्षीय गुंजन सिंह के रूप में हुई है। दोनों बाइक से बांका से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।प्रत्यक्षदर्शी सोनू के अनुसार, हमलावरों ने दोनों युवकों पर 10 से अधिक राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास तथा अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों मृतक करीब एक सप्ताह पहले दिल्ली से अपने गांव लौटे थे, जहां वे एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने उनकी गतिविधियों पर कई दिनों तक नजर रखने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कई खोखे बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
V







