Hindi News / bihar / saharsa / सहरसा में सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिली युवक की लाश, इलाके में...

सहरसा में सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिली युवक की लाश, इलाके में सनसनी

मोबाइल पर किसी का कॉल आने के बाद युवक घर से बाहर निकला था। लेकिन फिर घर नहीं लौटा अगले दिन सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jan 13, 2025, 2:46:19 PM

BIHAR POLICE

इलाके में सनसनी - फ़ोटो GOOGLE

saharsa crime news: सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र के कोठिया आरापट्टी जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के कोठिया वार्ड 1 निवासी गुरुदेव यादव के 20 वर्षीय पुत्र रणवीर कुमार यादव के रूप में हुई है।


रणवीर का चार महीने पहले ही सलखुआ थाना क्षेत्र की एक युवती से विवाह हुआ था। वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक के चाचा, हरदेव यादव के अनुसार, देर रात किसी का फोन आने पर रणवीर घर से बाहर निकला था। सोमवार को कोठिया आरापट्टी मुख्य सड़क के किनारे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। ग्रामीणों द्वारा शव की पहचान रणवीर के रूप में होने पर उसे मोटरसाइकिल पर लादकर घर लाया गया।


परिजनों ने तत्काल महिषी थाने की पुलिस को इस घटना की सूचना दी। महिषी थाना के थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मृतक के घर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रणवीर किसी अज्ञात कॉल पर घर से बाहर गया था और उसकी हत्या की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।


महिषी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने मृतक रणवीर का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।