बिहार में अपराधियों और चोर-उचक्के का हौसला इस कदर बुलंद है कि आम तो आम यह लोग ख़ास को भी अपने चंगुल में ऐसे दबोच लेते हैं कि इनसे बचना लगभग अंसभव सा लगता है और ये लोग बड़ी ही आसानी से अपने मंसूबों को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते हैं। अब एक ऐसा ही मामला राजधानी पटना से सामने आया है। जहां बाइकर गैंग ने एक DSP को अपने निशाने पर लिया और बड़ी से आसानी से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पटना में मोबाइल चोर और झपटमारों ने एकबार फिर से एक पुलिस पदाधिकारी को ही अपना शिकार बना लिया। इनलोगों ने डीएसपी के हाथ से मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लिया और मौके से आसानी से भाग निकले। अब उन्होंने इसको लेकर थाने में आवेदन दिया है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि, बाइक सवार बदमाशों ने एसडीपीओ (डीएसपी) आलोक कुमार के हाथ से झपट्टा मार कर मोबाइल फोन छीन लिया और भाग गये। यह घटना 11 अप्रैल की शाम करीब सात बजे श्रीकृष्ण नगर में हुई है। एसडीपीओ आलोक कुमार बुद्धा कॉलोनी थाने के मित्रमंडल कंपाउंड में स्थित जगतक्रांति अपार्टमेंट में रहते हैं और दानापुर कोर्ट में एसडीपीओ के पद पर कार्यरत हैं। वे कोर्ट में जिला अभियोजन पदाधिकारी भी हैं।
वहीं, पीड़ित एसडीपीओ ने इस मामले को लेकर पहले पटना के कोतवाली थाने में आवेदन दिय। लेकिन घटनास्थल बुद्धा कॉलोनी का था, इसलिए वहां केस दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला है। बुद्धा कॉलोनी पुलिस ने केस दर्ज किये जाने की पुष्टि की है। इसके बाद मामले की जांच जारी है।






