1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 01, 2025, 6:39:59 AM
वीटीआर में नए साल का जश्न - फ़ोटो google
Happy New Year 2025: नए साल का जश्न मनाने के लिए वीटीआर और जिले के अन्य पिकनिक स्थल पर्यटकों से खचाखच भरे हुए हैं। खासकर, वीटीआर के वाल्मीकिनगर, मंगुराहा और गोबर्धना में एक लाख से अधिक पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पहुंचकर टेंट लगाकर पिकनिक का आनंद ले रहे हैं। स्थानीय होटल और रेस्टोरेंट के साथ ही लोगों के घर भी पर्यटकों से भर गए हैं। पिछले साल लगभग 70 हजार पर्यटक आए थे और इस साल यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
वीटीआर प्रशासन ने इस भीड़ को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के लिए एसएसबी, जिला पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। वनक्षेत्र अधिकारियों से लगातार रिपोर्ट ली जा रही है और पर्यटन स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
गंडक नदी के किनारे पनियहवा, धनहा-रतवल पुल, नौतन-बैरिया, मझौलिया के अमवामन, भिखनाठोरी के पंडई नदी के किनारे, बैरिया के उदयपुर जंगल और लौरिया के नंदनगढ़ जैसे अन्य पिकनिक स्थलों पर भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। इन सभी जगहों पर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।
वन संरक्षक सह क्षेत्र निदेशक डॉ. नेशामणि ने कहा कि नए साल को लेकर वीटीआर के पर्यटन केंद्रों पर पर्यटकों का तांता लगा हुआ है। प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं।