1st Bihar Published by: Viveka Nand Updated Sat, 21 Feb 2026 11:35:54 AM IST
- फ़ोटो Google
Bihar News: 1st Bihar/Jharkhand का एक बार फिर से डंका बजा है. मास्टिक वर्क सर्टिफिकेट के फर्जी प्रमाण पत्र के खुलासे के बाद खेल में शामिल कार्यपालक अभियंता अपनी नौकरी बचाने को संबंधित ठेकेदार पर केस दर्ज कर रहे हैं. ग्रामीण कार्य विभाग के एक कार्यपालक अभियंता जिसने ठेकेदार को मास्टिक वर्क का फर्जी प्रमाण पत्र जारी किया था, उसने उक्त ठेकेदार पर केस दर्ज कराया है.
1st Bihar/Jharkhand के खुलासे के बाद कुर्सी बचाने की कवायद
दरअसल, पथ निर्माण विभाग ने ही मास्टिक वर्क के फर्जी सर्टिफिकेट को पकड़ा था. इसके बाद आरडब्लूडी के इंजीनियर इन चीफ से दोषी कार्यपालक अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी. हालांकि आरोपी कार्यपालक अभियंता के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इधर, आरोपी अभियंता ने ठेकेदार पर केस दर्ज कर अपनी नौकरी बचाने की जुगत बिठा लिया है. हालांकि ठेकेदार से कम दोषी उक्त कार्यपालक अभियंता भी नहीं, जिसने मास्टिक वर्क का फर्जी वर्क सर्टिफिकेट जारी किया था. मामला लखीसराय ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता से जुड़ा है. पथ निर्माण विभाग ने जब खुलासा किया कि ग्रामीण कार्य विभाग के लखीसराय प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने एक कंपनी को मास्टिक वर्क का फर्जी सर्टिफिकेट जारी किया है तो खलबली मच गई.
कार्यपालक अभियंता का आरोप- वर्क सर्टिफिकेट में टेंपरिंग किया गया
इधर, लखीसराय ग्रामीण कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने 13 फऱवरी 2026 को मास्टिक वर्क का फर्जी वर्क सर्फिकेट प्राप्त करने वाले ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कराया है. लखीसराय जिले के कवैया थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कार्यपालक अभियंता आशुतोष कुमार ने कहा है कि संवेदक डीके ब्रदर्स ट्रेड के प्रोपराइटर के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज की जाए. इस कंपनी के संवेदक पथ निर्माण विभाग की निविदा में भाग लिया था. उक्त निविदा में इनके द्वारा संलग्न किए गए अनुभव प्रमाण पत्र का सत्यापन कराया गया. सत्यापन के दौरान इनके द्वारा निविदा में संलग्न अनुभव प्रमाण पत्र में एक आइटम (बिटुमिनस मास्टिक वर्क) को दिखाया गया है. यह कार्य इनके द्वारा नहीं किया गया है. अन्य प्रमाण पत्र की मात्रा में भी भिन्नता पाई गई है. जिससे स्पष्ट होता है कि इनके द्वारा अनुभव प्रमाण पत्र में टेंपरिंग किया गया है. इनके द्वारा किए गए जालसाजी एवं धोखाधड़ी के कारण विभाग ने संज्ञान लिया है , साथ ही डीके ब्रदर्स ट्रेड के प्रोपराइटर के खिलाफ एफआईआर करने का निर्देश दिया है. ऐसे में इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. कवैया थाना की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धारा 338, 336 (3) के तहत के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है.
साल बीत गया, पर आरोपी कार्यपालक अभियंता पर कोई एक्शन नहीं !
पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख ने 4 दिसंबर 2025 को ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता प्रमुख को पत्र लिखा था. जिसमें लखीसराय ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था. 4 दिसंबर 2025 से 21 फरवरी 2026 आ गया, पर आरोपी कार्यपालक अभियंता पर कोई एक्शन नहीं हुआ है. एक्शन होगा या नहीं, यह भी बताने को विभाग के अधिकारी तैयार नहीं. सूत्र बताते हैं कि आरड्ब्लूडी लखीसराय प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से सिर्फ स्पष्टीकरण मांग कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया.
बता दें, पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया था कि ग्रामीण कार्य विभाग लखीसराय प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने एक ठेकेदार डी.के ब्रदर्स ट्रेड con. को 4 अप्रैल 2025, 16 जनवरी 2025 के अलावे 2022 में भी अलग-अलग प्रकार का अनुभव प्रमाण पत्र जारी किया है. 7 जुलाई 2025 को इन पत्रों का सत्यापन किए जाने के बाद जारी किए गए अनुभव प्रमाण पत्र भिन्न पाया गया है . ऐसे में आरोपी कार्यपालक अभियंता के खिलाफ कार्रवाई कर, हमें जानकारी दें.ग्रामीण कार्य विभाग के लखीसराय पथ प्रमंडल के वर्तमान कार्यपालक अभियंता ने एक ठेकेदार को मास्टिक वर्क का फर्जी वर्क सर्टिफिकेट दिया था.
आरसीडी अभियंता प्रमुख ने मामले से झाड़ा था पल्ला
1st Bihar/Jharkhand ने 9 जनवरी 2026 को ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता प्रमुख,(जिनके पास पथ निर्माण विभाग ने कार्यवाई से संबंधित पत्र भेजा था) से पूछा गया था. तब उन्होंने कहा था कि पत्र मेरे पास जरूर आया, लेकिन कार्रवाई वो नहीं करते हैं. इसके लिए अलग विंग बना हुआ है. हमने उक्त पत्र को ऊपर में भेज दिया है. आप इस संबंध में ऊपर में पूछिए, वहीं से कार्रवाई से संबंधित जानकारी मिलेगी. हालांकि अभी तक न नीचे से और न ऊपर से कोई एक्शन नहीं लिया गया है. फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने वाले कार्यपालक अभियंता आज भी लखीसराय में ठाठ से नौकरी कर रहे हैं. ऐसा लग रहा कि पथ निर्माण विभाग के पत्र को ग्रामीण कार्य विभाग ने रद्दी की टोकरी में डाल दिया है.
17 नवंबर 2025 को आरसीडी अभियंता प्रमुख की अध्यक्षता में हुई थी बैठक
बता दें, पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख की अध्यक्षता में 17 नवंबर 2025 को बैठक हुई थी. बैठक में पथ प्रमंडल लखीसराय के अंतर्गत एक सड़क की पुनर्निविदा की तकनीकी बीड़ को लेकर एक परिवाद प्राप्त हुआ था. जिसके बाद यह बैठक की गई . बैठक में एक ठेकेदार डी.के. ब्रदर्स ट्रेड con द्वारा दिए गए अनुभव प्रमाण पत्र की जांच की गई. ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता (लखीसराय) के द्वारा 7 जुलाई 2025 एवं 28 अगस्त 2025 द्वारा भिन्न-भिन्न अनुभव प्रमाण पत्र निर्गत किए गए हैं. इसके लिए कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग लखीसराय के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अभियंता प्रमुख ग्रामीण कार्य विभाग को भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया था.