1st Bihar Published by: First Bihar Updated Thu, 29 Jan 2026 07:50:37 PM IST
वीडियो वायरल - फ़ोटो REPORTER
GOPALGANJ: स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गोपालगंज जिले के सिविल सर्जन डॉ. बीरेंद्र प्रसाद ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
इस दौरान ड्यूटी से कर्मियों के गायब रहने पर वो भड़क गए और कहने लगे कि स्टेचर खींचने वाला एक भी आदमी नहीं दिखा सब दारू पीने गया हुआ था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि दारू पीने से अस्पताल नहीं चलेगा। हॉस्पिटल के पदाधिकारियों से सिविल सर्जन ने कहा कि चिट्ठी निकलेगा तब आप लोग जवाब दीजिएगा।
गोपालगंज सदर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को कई दिशा-निर्देश भी दिए। गुरुवार की सुबह सीएस डॉ. बीरेंद्र प्रसाद अचानक सदर अस्पताल पहुंच गये, जहां उन्होंने सबसे पहले ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। मरीजों की भीड़, पंजीकरण व्यवस्था, डॉक्टरों की उपस्थिति और इलाज की प्रक्रिया को देखा। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने दवा भंडार का भी जायजा लिया।
उन्होंने उपलब्ध दवाओं की सूची देखी और सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। इसके बाद सीएस ने प्रयोगशाला यानी लैब की व्यवस्था की जांच की। जांच मशीनों की स्थिति, टेस्ट रिपोर्ट की समयबद्धता और लैब स्टाफ की कार्यशैली को परखा। सीएस विभिन्न वार्डों में भी पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, भोजन, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
मरीजों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया। सिविल सर्जन ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर, वार्ड, शौचालय और गलियारों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। डॉ. बीरेंद्र प्रसाद ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सख्त हिदायत दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण है। सीएस ने कहा कि अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। औचक निरीक्षण के इस कदम से अस्पताल प्रशासन में हलचल देखी गई। उम्मीद की जा रही है कि सीएस के निर्देशों के बाद सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं में और सुधार होगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र प्रसाद कर्मचारियों को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि “शराब पीने से काम नहीं चलेगा, अस्पताल में काम करना पड़ेगा।” इस टिप्पणी के बाद अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया और वीडियो चर्चा का विषय बन गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उस समय का है जब सीएस डॉ. वीरेंद्र प्रसाद सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर रहे थे।
वे ओपीडी, इमरजेंसी और अन्य वार्डों का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान किसी कर्मचारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सीएस ने सख्त टिप्पणी की, जिसका वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में सीएस कर्मचारियों को अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में ड्यूटी के दौरान लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग में चर्चा तेज है। लोग इसे अस्पताल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्ती के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।