DARBHANGA:दरभंगा में बेटे के अपहरण और नशे की हालत में परिवार की करोड़ों रुपये की जमीन जबरन रजिस्ट्री कराने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण बहादुरपुर थाना पहुंचे और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता प्रतिमा झा ने पुलिस को दिए आवेदन में जीवन, ब्लास्टर समेत कई लोगों पर अपने बेटे भागीरथ झा के अपहरण का आरोप लगाया है। आवेदन के मुताबिक, 2 नवंबर को भागीरथ झा को लहेरियासराय बाजार से जबरन उठाया गया। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ खिलाकर मारपीट की गई और धमकी देकर परिवार की कई जमीनों की रजिस्ट्री करा ली गई।
पीड़िता ने गुलटेनी स्कूल के हेडमास्टर संजीव मिश्र पर भी कथित तौर पर गिरोह चलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों का दावा है कि भागीरथ झा ने फोन पर रोते हुए खुद को छपरा में बंधक बनाए जाने की जानकारी दी है। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर बहादुरपुर थाना पहुंचे और भागीरथ की सकुशल बरामदगी की मांग की।
ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन की रजिस्ट्री की जांच करने और आवेदन में नामजद आरोपितों सहित अन्य संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही अपहरण, जबरन जमीन रजिस्ट्री और अन्य आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी।





