DESK: दिवाली पर मिठाइयों की मिठास तो हर किसी को पसंद होती है, लेकिन राजस्थान के जयपुर में एक ऐसी मिठाई चर्चा में है, जिसकी कीमत सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। इस मिठाई का नाम है 'त्योहार अशर्फी' रखा गया है।
बादाम के पेस्ट, कश्मीरी केसर और 24 कैरेट खाने योग्य सोने से तैयार इस मिठाई की कीमत 1 लाख 23 हजार 444 रुपये प्रति किलो है। वहीं, इसका सिर्फ एक पीस खरीदने के लिए आपको 1,111 रुपये खर्च करने होंगे।
दिवाली के मौके पर जयपुर के बाजारों में पेश की गई यह शाही मिठाई अपने अनोखे अंदाज और भारी कीमत को लेकर चर्चा में है। दिखने में यह प्राचीन समय के सोने के सिक्के यानी अशर्फी जैसी नजर आती है। इसे शुद्ध बादाम के पेस्ट, कश्मीरी केसर, स्वर्ण भस्म और 24 कैरेट एडिबल गोल्ड यानी खाने योग्य सोने के वर्क से तैयार किया गया है।
इस मिठाई के एक पीस की कीमत 1,111 रुपये रखी गई है, जबकि एक किलो का भाव करीब 1 लाख 23 हजार 444 रुपये है। इसके अलावा 9 पीस वाले एक बॉक्स की कीमत 9,999 रुपये तय की गई है।
आउटलेट की फाउंडर सीए अंजलि जैन ने बताया कि 'त्योहार अशर्फी' को राजा-महाराजाओं के दौर में सोने की अशर्फियां भेंट करने की परंपरा से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। उनका कहना है कि मिठाई में इस्तेमाल होने वाला सोना आयुर्वेदिक मानकों के अनुरूप सुरक्षित है।
इसके अलावा यहां 1 लाख 11 हजार रुपये प्रति किलो वाली 'स्वर्ण प्रसादम' मिठाई भी उपलब्ध है। वहीं, जयपुर की रत्न पहचान को दर्शाने वाली 'नवरत्न मिठाई' और पटाखों के आकार में तैयार की गई मिठाइयां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
मिठाइयों को तैयार करने में सोने और चांदी का इस्तेमाल होने के कारण निर्माण के दौरान विशेष सुरक्षा बरती जाती है। आउटलेट की फाउंडर के अनुसार, इनमें आर्टिफिशियल रंगों का इस्तेमाल नहीं किया गया है, बल्कि प्राकृतिक रंगों और स्वाद का ध्यान रखा गया है।
दिवाली पर मिठाई बांटने की परंपरा तो पुरानी है, लेकिन जयपुर की यह सोने वाली मिठाई अब त्योहार की मिठास के साथ शाही ठाठ का एहसास भी करा रही है। सवाल यही है कि क्या आप एक पीस मिठाई के लिए 1,111 रुपये खर्च करना चाहेंगे?





