Bihar Rain Alert: बिहार के लोग पिछले कई दिनों से प्रचंड गर्मी से परेशान हैं। बिहार के सभी जिले के तापमान में काफी वृद्धि दर्ज की जा रही है। ऐसे में अब गर्मी से परेशान लोगों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर निकल कर सामने आ रही है।
जानकारी के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान बिहार के 36 जिलों में हीट वेव चलने की संभावना है। हालांकि, पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने यह बताया है कि 26 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदल जायेगा।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि बिहार के अधिकांश इलाकों में इस समय गर्मी की लहर (लू) और बेहद गर्म दिन का असर बना हुआ है। लेकिन 26 अप्रैल की रात से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने और वातावरण में बदलाव के कारण हवा में नमी की मात्रा बढ़ेगी, जिससे 26 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के कई जिलों में बादल गरजने, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश (10 से 50 मिमी तक) होने की संभावना है।
इसके अलावा कुछ इलाकों में भारी बारिश या ओलावृष्टि भी हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं और वज्रपात के साथ तेज आंधी का खतरा रहेगा। लिहाजा लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।






