PATNA: राशन कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। बिहार में पात्र लाभुकों की ई-केवाईसी पूरी कराने और राशन कार्ड निर्माण से जुड़े लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन करने के लिए शनिवार से विशेष अभियान शुरू किया गया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक पात्र सदस्य का आधार आधारित ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। इसके लिए लाभुक अपने पंचायत या वार्ड की नजदीकी जन वितरण प्रणाली यानी पीडीएस दुकान पर जाकर निःशुल्क ई-केवाईसी करा सकते हैं। यह प्रक्रिया ई-पॉस मशीन के माध्यम से फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैनर की मदद से पूरी की जाएगी।
दूसरे राज्यों में रहने वाले लाभुक घर बैठे करा सकेंगे ई-केवाईसी
रोजगार या अन्य कारणों से बिहार से बाहर रहने वाले राशन कार्डधारकों को ई-केवाईसी कराने के लिए अपने गृह क्षेत्र आने की जरूरत नहीं है। ऐसे लाभुक अपने मोबाइल फोन में Mera KYC और Aadhaar Face RD ऐप डाउनलोड करके फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सभी पात्र सदस्यों की ई-केवाईसी कराने की अपील
जिला प्रशासन ने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों की ई-केवाईसी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर पूरी करा लें। इससे राशन वितरण से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने में संभावित परेशानियों से बचने में मदद मिलेगी।
प्रशासन का उद्देश्य पात्र लाभुकों की ई-केवाईसी पूरी कराने के साथ-साथ राशन कार्ड निर्माण से संबंधित लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।





