Bihar Traffic Police Viral Video: आरा में नो एंट्री के दौरान ट्रकों की आवाजाही से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. वायरल वीडियो में भोजपुर के गिद्दा थाना क्षेत्र स्थित अंडरपास के पास चेक पोस्ट पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवानों पर ट्रक चालकों से कथित तौर पर पैसे लेकर नो एंट्री में प्रवेश कराने का आरोप लगाया गया है.
बताया जा रहा है कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है. नो एंट्री के दौरान ट्रकों के शहर में प्रवेश पर रोक रहती है. इसके बावजूद वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि चेक पोस्ट पर ट्रकों को रोका जाता है और कथित लेन-देन के बाद उन्हें शहर की ओर जाने की अनुमति दी जाती है.
वायरल वीडियो में डीएसपी के आदेश का भी जिक्र
वायरल वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि ट्रकों को नो एंट्री में प्रवेश कराने के लिए डीएसपी के आदेश का हवाला दिया जाता है. हालांकि, संबंधित डीएसपी से इस संबंध में पूछे जाने पर किसी तरह का ऐसा आदेश जारी करने से इनकार किए जाने की बात सामने आई है. ऐसे में वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोपों को लेकर स्थिति और अधिक सवालों के घेरे में आ गई है.
स्थानीय लोगों ने उठाए ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि नो एंट्री के नियमों का सख्ती से पालन नहीं होने की स्थिति में शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. भारी वाहनों के शहर में प्रवेश से कई इलाकों में जाम की समस्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है. लोगों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगाए गए चेक पोस्ट पर नियमों का पालन सुनिश्चित होना जरूरी है.
नए एसपी के कार्यकाल में वायरल हुआ वीडियो
भोजपुर के नए पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार दीक्षित ने पदभार संभालने के बाद अपराध नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया है. इसी बीच ट्रैफिक पुलिस के जवानों पर कथित वसूली और नो एंट्री में ट्रकों को प्रवेश कराने से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि फास्ट बिहार-झारखंड नहीं करता है. वीडियो में लगाए गए आरोप सही हैं या नहीं, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पूरे मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों की ओर से जांच के बाद ही स्थिति साफ होने की उम्मीद है.
आरा से राकेश कुमार की रिपोर्ट





