Bihar News: पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके में पुलिस ने एक रिजॉर्ट में चल रही बर्थडे पार्टी पर बड़ी कार्रवाई की है। गेट नंबर 31 स्थित रिजॉर्ट में छापेमारी कर पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पार्टी में शराब और हथियारों के साथ कुछ लोग पहुंचे थे। इसके अलावा वहां बार बालाओं का डांस भी चल रहा था।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि रिजॉर्ट में अपराधी प्रवृत्ति के कुछ लोग हथियार और शराब के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही श्रीकृष्णापुरी, बुद्धा कॉलोनी और पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे रिजॉर्ट की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर 10 लोग शराब के नशे में पाए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अलग-अलग ब्रांड की शराब की चार बोतलें और दो हथियार बरामद किए। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, हथियारों के लाइसेंस का सत्यापन कराया गया, जो वैध पाए गए।
पुलिस की जांच में सामने आया कि रिजॉर्ट में राजू नाम के युवक का जन्मदिन मनाया जा रहा था। उसी ने पार्टी आयोजित की थी और लोगों को आमंत्रित किया था। पार्टी में दो डांसर भी मौजूद थीं। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सभी को पकड़ लिया।
जांच के दौरान एक महिला डांसर भी शराब के नशे में पाई गई। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पूरी छापेमारी की कार्रवाई सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार की मौजूदगी में की गई। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





