पटना: बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम ने शनिवार, 28 नवंबर 2026 को फुलवारीशरीफ स्थित वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (पटना डेयरी प्रोजेक्ट) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डेयरी संघ की कार्यप्रणाली और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही फीडर बैलेंसिंग डेयरी प्लांट का निरीक्षण कर दूध के प्रसंस्करण और उत्पादन कार्यों का जायजा लिया।
डेयरी परिसर पहुंचने पर संघ के अध्यक्ष संजय कुमार और प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने संयुक्त रूप से मंत्री का पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया। इस मौके पर डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव कुमार रविन्द्र भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री नंदकिशोर राम ने संघ के क्रियाकलापों और कार्यशैली की जानकारी ली। उन्होंने वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध संघ की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में कई लाभकारी योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का लाभ किसानों को मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मंत्री ने डेयरी प्लांट में दूध के प्रसंस्करण और विभिन्न उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया को भी देखा। उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सुधा के उत्पादों की गुणवत्ता उत्कृष्ट है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया तथा वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध संघ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर संघ के निदेशक मंडल के सदस्य, सभी पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।











