Bihar News: अररिया में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दर्जन मवेशियों को बरामद किया है. अलग-अलग कार्रवाई में 10 भैंस और दो गाय जब्त की गई हैं. इस दौरान तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है. एसएसबी ने यह कार्रवाई बिहार पुलिस के सहयोग से की है.
52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, अररिया की ओर से भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार के नेतृत्व में बाहरी सीमा चौकी मजरख और कुआड़ी क्षेत्र में जवानों ने कार्रवाई की.
जानकारी के अनुसार, सीमा चौकी मजरख के जवानों ने सीमा पिलर संख्या 165 के पास विशेष नाका लगाया था. इसी दौरान करीब 7:15 बजे जवानों की नजर कुछ लोगों पर पड़ी, जो भैंसों को भारत से नेपाल की ओर ले जा रहे थे.
जवानों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोक लिया और मवेशियों के संबंध में पूछताछ की. पूछताछ के दौरान वे भैंसों के स्रोत और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इस संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके. इसके बाद एसएसबी ने तीनों लोगों को हिरासत में लेते हुए उनके कब्जे से 10 भैंस बरामद कर ली.
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों और बरामद भैंसों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सिकटी थाना पुलिस को सौंपा जा रहा है.
वहीं, बाहरी सीमा चौकी कुआड़ी क्षेत्र में भी एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में संयुक्त गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा के रास्ते मवेशियों को भारत लाया जा रहा है.
सूचना के आधार पर सीमा पिलर संख्या 167 के पास जवानों ने निगरानी बढ़ाई. इसी दौरान गश्ती दल ने एक व्यक्ति को नेपाल की ओर से दो मवेशियों के साथ भारत की तरफ आते देखा. जवानों को अपनी ओर आता देखकर वह व्यक्ति दोनों मवेशियों को वहीं छोड़कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल की ओर भाग गया.
इसके बाद जवानों ने मौके से दोनों गायों को बरामद कर लिया. फरार व्यक्ति की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है. बरामद गायों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित विभाग को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है.
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर पशु तस्करी समेत अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है. इसके लिए नियमित गश्ती, नाका और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही है.
नेपाल इन दिनों भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है. चीन से सटे तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियर फटने के बाद नेपाल के रसुवा जिले में स्थिति गंभीर हो गई है. इसके बाद त्रिशुली नदी में अचानक पानी बढ़ने से बड़े स्तर पर नुकसान की जानकारी सामने आई है.
बाढ़ और सैलाब के कारण कई इलाकों में सड़क, पुल और भवन प्रभावित हुए हैं. प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. भारत की ओर से भी पड़ोसी देश नेपाल को राहत सामग्री उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है.





