SITAMARHI: सीतामढ़ी जिले के बेलसंड में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में एक अजीब घटना सामने आई, जब खाने में छिपकली गिरने के कारण 30 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। बुधवार रात रात्रि भोजन के बाद छात्राएं उल्टी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझने लगीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।


यह घटना बेलसंड प्रखंड के भाटोलिया गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्रावास में हुई। जानकारी के मुताबिक, छात्राओं को जो खाना परोसा गया था, उसमें छिपकली गिर गई थी, लेकिन इसकी जानकारी उन्हें खाना खाने के बाद मिली। इसके बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बेलसंड अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।


सीतामढ़ी जिले के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. जावेद ने गुरुवार को बताया कि सभी छात्राओं की हालत खतरे से बाहर है और उन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हॉस्टल के शिक्षक मनोज कुमार ने बताया कि रसोइया ने बताया कि तैयार भोजन में छिपकली गिर गई थी, जिसके कारण यह घटना हुई।