Bihar Politics: बिहार में आरजेडी नेता और विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उन्हें सुनील सिंह से पूछताछ के मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन विपक्षी नेताओं को जांच एजेंसियों द्वारा बुलाया जाना कोई नई बात नहीं है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार का काम सिर्फ विपक्ष के नेताओं को बुलाना और जांच एजेंसियों से पूछताछ करवाना रह गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास जनता से जुड़े दूसरे मुद्दों पर ध्यान देने के लिए समय नहीं है।
तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जा रहा है। उनके मुताबिक, मौजूदा सरकार के दौरान संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका प्रभावित हुई है।
वैशाली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुरक्षाकर्मियों द्वारा निशांत कुमार को धक्का दिए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि किसने किसको धक्का दिया, यह उन लोगों का आपसी मामला है। इस पर संबंधित लोग ही अपनी बात रख सकते हैं।
विधान परिषद के सदस्य राहुल लाज और बंशीधर बृजदारी की सदस्यता रद्द करने को लेकर दिए गए आवेदन खारिज होने पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में तकनीकी आधार का हवाला दिया जा रहा है, जबकि उनके अनुसार यह केवल तकनीकी मामला नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि आरजेडी इस फैसले के खिलाफ आगे की कार्रवाई करेगी।
उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले से जुड़े वीडियो और तस्वीरें मौजूद हैं। विधान परिषद के सदस्यों द्वारा लिए गए फैसले और उससे जुड़े घटनाक्रम को सामने रखते हुए उन्होंने कहा कि सभापति का निर्णय आगे की कार्रवाई में उनकी पार्टी के लिए मददगार साबित होगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत में आर्थिक संकट की स्थिति बनने वाले बयान पर तेजस्वी यादव ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई की स्थिति देखी जा सकती है और आम लोगों का जीवन लगातार मुश्किल होता जा रहा है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई और आम जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने में लगी हुई है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना





