Prince Yadav Death: खान सर कोचिंग सेंटर और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में एक नया मोड़ आ गया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में मौत हो गई है। इस घटना के बाद मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने प्रिंस यादव की मौत को हत्या करार देते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में हत्या हुई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बिहार सरकार से नेपाल प्रशासन के संपर्क में आकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि एक भाई जेल में बंद है और दूसरे की हत्या हो गई है। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना भी जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा, “ज्ञानबिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद जी के भाई प्रिंस जी की नेपाल विराटनगर में हत्या! यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है बिहार सरकार नेपाल प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए।हत्यारों पर अविलंब कार्रवाई हो!एक भाई जेल में बंद हैं,दूसरे की हत्या!मेरी संवेदना परिवार के साथ है!”
वहीं, छात्र नेता दिलीप कुमार ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यह मौत है या हत्या, कहीं इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है।
प्रिंस यादव की मौत के बाद सोशल मीडिया पर भी विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि कई लोग संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानकर जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि, अब तक नेपाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2 जून को पटना में हुए खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट पर हमले और तोड़फोड़ के मामले में प्रिंस यादव का नाम भी आरोपियों में शामिल बताया जा रहा था। बताया जा रहा है कि सहरसा निवासी प्रिंस यादव नेपाल के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां उनकी मौत हुई। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि नेपाल पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
गौरतलब है कि इसी महीने 2 जून को खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट और ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के बीच विवाद शुरू हुआ था। इस मामले में रौशन आनंद फिलहाल बेउर जेल में बंद हैं। वहीं, खान सर की अग्रिम जमानत याचिका अदालत में लंबित है और कोर्ट ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है। फिलहाल प्रिंस यादव की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

