Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने आज पटना में आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम के दौरान कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रम अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ही आयोजित किए जाएंगे।
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के लिए जो काम किया है और जिस तरह से उन्होंने अपनी कार्यशैली के जरिए राज्य को आगे बढ़ाया है, उसे देखते हुए पार्टी ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में जेडीयू के सभी कार्यक्रम नीतीश कुमार के नाम से ही आयोजित किए जाएंगे।
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर पार्टी के भीतर उम्मीदवारों के बीच विवाद की चर्चाओं पर संजय झा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी आठ उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी एकजुट होकर सभी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेगी।
हालांकि इस दौरान जब मीडियाकर्मयों ने अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद पर सवाल पूछा तो संजय झा ने कोई जवाब नहीं दिया। बता दें कि एमएलसी चुनाव के सिलसिले में मुख्यमंत्री आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें चुनाव की रणनीति और उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना





