Bihar News: जब कार्रवाई करने वाला ही मिला हो,तब क्या होगा. यही हाल है खनन विभाग का. फर्जी चालान के माध्यम से बालू का अवैध धंधा जारी है. जिन्हें कार्रवाई की जिम्मेदारी मिली है वे माफियाओं से मिले हैं. भोजपुर जिले में यही धंधा हो रहा है. लगातार शिकायत की जा रही, पर जिला खनन पदाधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे. कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा.
के-चालान के नाम पर हो रहा खेल....
बताया जा रहा है कि भोजपुर जिले में के-चालान के नाम पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है. के-लाइसेंस के स्टॉक प्वाइंट पर बालू की गाड़ियां नहीं जा रही, फिर भी वहां के लिए चालान काटा जा रहा. जिला खनन पदाधिकारी भोजपुर से लगातार इसकी शिकायत की जा रही है, फिर भी धड़ल्ले से के-चालान काटे जा रहे. जिला खनन पदाधिकारी भोजपुर गौरव कुमार जांच के नाम पर सिर्फ आश्वासन दे रहे. उनसे जब पूछा गया कि के-चालान के नाम पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा, के-लाइसेंस के स्टॉक प्वाइंट की जाँच कराएं ? इस वे सिर्फ आश्वासन देते दिख रहे हैं,जबकि जांच नहीं हो रही. बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद और तेजी से के-लाइसेंस के नाम पर चालान काटा जा रहा है.
भोजपुर जिला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार ने एनजीटी के अध्यक्ष को पत्र भेजा है. जिसमें कहा गया है कि जिले के संदेश थाना क्षेत्र के 12 नंबर बालू घाट द्वारा फर्जी चालान काटने एवं विभागीय मिलीभगत की जांच कराई जाए। शिकायतकर्ता ने कहा है कि भोजपुर जिले के 12 नंबर बालू घाट के संचालक भारी गड़बड़ी करा रहे हैं. यहां पर बड़े पैमाने पर अनियमितता की जा रही है. इनके द्वारा के-लाइसेंस के नाम पर चालान काटा जा रहा है,जबकि गाड़ियां घाट पर नहीं आ रही हैं. चालान 12 नंबर घाट का दिया जा रहा जबकि बालू की लोडिंग कहीं और से कराई जा रही है.
आरोप लगाया गया है कि, पिछले 15 दिनों के अंदर हजारों गाड़ियों का फर्जी चालान काटा गया है. 29 अक्टूबर 2026 को 500 से अधिक गाड़ियों का चालान काटा गया है. गाड़ी घाट पर नहीं जा रही, फिर भी चालान काटा जा रहा है. 17 नवंबर 2026 को भी एक बार 100 गाड़ी ,दूसरी बार 128 गाड़ियों का फर्जी चालान काटा गया है. के-लाइसेंस के स्टॉक प्वाइंट पर बालू नहीं है,लेकिन उसी आईडी पर सैकड़ों चालान जारी किए गए हैं. खनन विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध विवरण के अनुसार, 4 एजेंसी के नाम पर 500 से अधिक चालान काटे गए हैं. ये सभी चालान गाड़ी को घाट पर आए बिना काटे गए हैं. आरोप लगाया है कि स्थानीय खनन पदाधिकारियों की मिलीभगत से यह खेल किया जा रहा है.
शिकायतकर्ता ने कहा है कि, पूरे मामले की सच्चाई का पता के-लाइसेंस के स्टॉक प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों तथा गाड़ियों के वीएलटीडी जीपीएस की जांच कर लगाई जा सकती है. इस संबंध में हमने भोजपुर जिले के खनन अधिकारियों को सूचना दिया,फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में संवेदक और खनन अधिकारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता है. एनडीटी के अध्यक्ष से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की गई है. शिकायतकर्ता ने इस संबंध में खनन विभाग के प्रधान सचिव से लेकर य अदिकारियों को कार्रवाई का आग्रह किया है.





