Bihar Politics: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में पटना में चल रही एनडीए की बड़ी बैठक खत्म हो गई है। बैठक में एनडीए के सभी विधायक और सांसद मौजूद रहे। ऐसा माना जा रहा था कि इस बैठक में एमएलसी चुनाव को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद का समाधान निकलेगा लेकिन बात नहीं बनी। बैठक से बाहर निकले मोकामा विधायक अनंत सिंह ने फिर से ऐलान कर दिया कि वह अनुज सिंह का ही समर्थन करेंगे।
मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में शामिल होने के बाद बाहर निकले अनंत सिंह ने कहा बताया कि बैठक में काम को लेकर बात हुई है, सभी लोग अपना अपना काम करेंगे। चुनाव को लेकर कोई बात नहीं हुई है। अनंत सिंह ने कहा कि वह अपनी बात पर पूरी तरह से अडिग हैं और अनुज सिंह का ही समर्थन करेंगे।
वहीं बैठक में शामिल जेडीयू कोटे के मंत्री जमा खान ने बताया कि पार्टी में किसी तरह की कोई नाराजगी नहीं है, सभी लोग भाई हैं। सभी को एकजुट होकर चुनाव लड़ना है और जीतना है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है, सबकुछ ठीक है। परिवार में कभी-कभी कुछ हो जाता है, इसमें कोई बात नहीं है।
उन्होंने अनंत सिंह-नीरज विवाद पर बोलने से बचते हुए कहा कि जो पार्टी का उम्मीदवार है, वह निश्चित तौर पर चुनाव जीतेगा और पार्टी के तमाम कार्यकर्ता उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी लोग एकजुट हैं और निश्चित तौर पर सभी 8 सीटों पर हमलोग चुनाव जीतेंगे।
पटना से प्रेम राज के साथ गणेश सम्राट की रिपोर्ट..





