Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद चुनाव में नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आठों सीटों पर मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतरे राजद नेता जयराम राय उर्फ जयराम यादव ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से निर्दलीय प्रत्याशी अर्चिता प्रकाश ने भी अपनी दावेदारी वापस ले ली। दोनों ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, जयराम राय खुद को महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार बता रहे थे।
दरअसल, बिहार विधान परिषद की शिक्षक कोटे की चार और स्नातक कोटे की चार सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इन सीटों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने वाला है। चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना के बाद 27 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में 5.32 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जाएगा।
आठों सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या की बात करें तो दरभंगा स्नातक सीट पर सबसे ज्यादा 40 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पटना स्नातक, पटना शिक्षक और सारण शिक्षक सीट पर 18-18 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। तिरहुत स्नातक सीट पर 17, कोसी स्नातक सीट पर 15, दरभंगा शिक्षक सीट पर 13 और तिरहुत शिक्षक सीट पर 11 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सत्तारूढ़ गठबंधन में भाजपा और जेडीयू ने सभी आठ सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा ने पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक सीट से एनके यादव, दरभंगा स्नातक सीट से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा, सारण शिक्षक सीट से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक सीट से घनश्याम राय को चुनाव मैदान में उतारा है।
विपक्षी महागठबंधन में इस बार कई सीटों पर दोस्ताना मुकाबला देखने को मिल रहा है। राजद आठ में से सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस ने भी पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इनमें पांच सीटें ऐसी हैं, जहां दोनों दलों के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। पटना शिक्षक सीट पर कांग्रेस के संजीव सिंह और राजद के संजय यादव के बीच मुकाबला होगा। पटना स्नातक सीट पर कांग्रेस के असदुल्लाह खान के सामने राजद के दिलीप कुमार हैं।
इसी तरह, दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस के मदन मोहन झा और राजद के कुमर राय उर्फ कुंवर यादव के बीच मुकाबला होगा। दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस के रजनीकांत और राजद के अनिल कुमार झा आमने-सामने हैं। वहीं, कोसी स्नातक सीट पर कांग्रेस के मनोज जायसवाल और राजद के नितेश कुमार के बीच चुनावी टक्कर होगी। तिरहुत शिक्षक सीट पर भी मुकाबला दिलचस्प है। यहां वाम दल सीपीआई के संजय सिंह के खिलाफ कांग्रेस नेता राजेश राठौर मैदान में हैं। हालांकि, राजेश राठौर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी बिहार विधान परिषद चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत आजमा रही है। पार्टी ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। सारण शिक्षक सीट से जन सुराज ने मौजूदा एमएलसी आफाक अहमद को टिकट दिया है, जबकि चर्चित पटना स्नातक सीट से अनुज सिंह चुनाव मैदान में हैं। अनुज सिंह को जेडीयू विधायक अनंत सिंह का भी समर्थन मिल रहा है।
ऐसे में भाजपा, जेडीयू, राजद, कांग्रेस, वाम दलों और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों के मैदान में होने से बिहार विधान परिषद चुनाव का मुकाबला रोचक हो गया है। अब सभी की निगाहें 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान और 27 अक्टूबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।





