Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने चार उम्मीदवारों के नाम का एलाम कर दिया है। 8 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए एनडीए की सहयोगी जेडीयू अपने खाते की सीटों के लिए पहले ही उम्मीदवार का एलान कर चुकी है।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार में होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए चार उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है। बीजेपी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एन.के. यादव, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।
दरअसल, बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की आठ सीटों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। चुनाव की अधिसूचना मंगलवार 29 सितंबर को जारी होनेके साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर बृजवासी, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से आफाक अहमद का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इन सभी आठों सीटों पर चुनाव होने हैं। आठों सीटों पर विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।






