Anant Singh News: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. मंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने साफ कहा कि उन्हें किसी मंत्री-संत्री से कोई मतलब नहीं है. उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार ने उन्हें भी मंत्री बनने का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया. अनंत सिंह ने अपने पुराने राजनीतिक सफर, विधायक बनने और जेल जाने की वजहों को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी.
जब अनंत सिंह से पूछा गया कि पहली बार विधायक बनने के बाद उन्हें कैसा लगा था और क्या उस समय उनका जलवा अलग था, तो उन्होंने अपने ही अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा, “जब हम विधायक नहीं बने थे, उससे पहले देखिए और विधायक बनने के बाद देखिए. पहले अच्छा थे या आज अच्छा हैं. पहले हम देह से भी बढ़िया थे और पैसा से भी बढ़िया थे. सब कुछ तो बर्बाद कर दिए आज तक.”
मंत्री नहीं बनने को लेकर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि जब वह मंत्री बनने के लायक ही नहीं थे तो नीतीश कुमार से मंत्री पद क्यों मांगते. उन्होंने कहा कि उनके ऊपर पहले से ही कई मुकदमे थे और विधायक बनने से पहले कितने मामले थे, यह कोई बताने वाला नहीं है.
अनंत सिंह ने बताया कि उन्हें राजनीति में लाने वाले नीतीश कुमार और ललन सिंह थे. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने उनसे छह महीने के लिए राजनीति में आने को कहा था और उसके बाद इस लाइन में नहीं रहने की बात कही थी.
आगे की बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने शुरुआत में ही राजनीति में आने से मना कर दिया था. और साफ शब्दों में कहा था कि इ लाइन हमरा पसंद नहीं है. इ पढ़ल-लिखल लोगों का लाइन है, हम अनपढ़ आदमी हैं. हमको फंसा देगा, इसलिए हम नहीं बनेंगे.
हालांकि, नीतीश कुमार को चुनाव जिताकर आने के बाद उन्हें मंत्री बनने का ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे भी ठुकरा दिया.
मंत्री पद का ऑफर ठुकराने की वजह बताते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें डर था कि मंत्री बनने के बाद लोग तरह-तरह के आरोप लगाएंगे. उन्होंने कहा, अब मंत्री बनेंगे तो कौन क्या लिखवा लेगा, क्या करवा लेगा. फिर लोग कहेगा कि हम चोरी कर लिए. अभी हम विधायक हैं तो फंड आता है, हम जनता के लिए खर्च कर देते हैं. अब हमको कोई चोर नहीं न कहेगा.
उन्होंने आगे कहा कि मंत्री रहने पर लोग हर काम का जिम्मेदार मंत्री को ही ठहराते. इसी वजह से उन्होंने मंत्री बनने से इनकार कर दिया. अनंत सिंह ने साफ कहा कि उन्हें मंत्री पद का कोई लालच नहीं था.
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके मन में कभी मंत्री बनने की इच्छा हुई या पद को लेकर कोई लालच रहा, तो अनंत सिंह ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा, हम अंत्री-मंत्री को न कुछ मानते हैं और न जानते हैं.





