DESK: अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़ा जमीन विवाद का मामला सामने के आने के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीसीएलआर अजय कुमार और सीओ आलोक कुमार खुद अमीन के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन की मापी कराई।
मापी के दौरान सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाए जाने के बाद उसे खाली कराया गया। अधिकारियों ने मौके पर बने निर्माण को भी तुड़वाया। दरअसल, इस पूरे मामले में ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधाकृष्ण मंदिर, श्मशान और नाले की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया था।
शिकायत करने वालों में भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र, रामदाय देवी, रामउदार मिश्र सहित कई ग्रामीण शामिल हैं। गगन कुमार मिश्र ने 12 धुर जमीन पर कब्जे और बाउंड्री निर्माण की शिकायत की थी। वहीं, रामदाय देवी ने अपनी जमीन के किनारे मिट्टी कटाई से नुकसान की आशंका जताई थी।
वहीं, मौके पर डीसीएलआर ने बताया कि शुरुआती मापी में सरकारी रास्ते पर थोड़ी दूर अतिक्रमण की बात सामने आने के बाद उसे हटवा दिया गया। अन्य शिकायतकर्ताओं को शनिवार को अंचल कार्यालय बुलाया गया है, जहां उनके दस्तावेजों और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर की जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल मधुबनी जिले में पड़ता है। ऐसे में ग्रामीणों को वहां के प्रशासन के समक्ष शिकायत करने को कहा गया है।
फिलहाल, विधायक मैथिली ठाकुर से जुड़े इस हाई प्रोफाइल जमीन विवाद में प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि शनिवार को होने वाली सुनवाई और जमीन की मापी में क्या कुछ निकलकर सामने आया है। जमीन की मापी के बाद अमीन अपनी रिपोर्ट अंचलाधिकारी को सौंपेंगे जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा से गिरिश कुमार की रिपोर्ट





