Bihar Politics: बिहार की राजनीति में जेडीयू के नेतृत्व और पार्टी की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठाने वाले पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक बार फिर निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। मोतिहारी पहुंचे आनंद मोहन ने कहा कि पार्टी चलाने वाले नेताओं ने निशांत कुमार को न तो जननेता बनने दिया और न ही एक प्रभावशाली नेता के रूप में आगे बढ़ने का मौका दिया।
आनंद मोहन ने कहा कि वह पहले से ही लगातार मांग करते रहे हैं कि निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। हालांकि, पार्टी का नेतृत्व करने वाले नेता क्या सोच रहे हैं और क्या करना चाहते हैं, यह वही बेहतर जानते हैं।
पूर्व सांसद ने आगे कहा कि जेडीयू के कुछ नेता पहले यह कहते थे कि निशांत कुमार नेता या मंत्री बनने के लिए तैयार नहीं हैं। लेकिन अचानक उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बना दिया गया। आनंद मोहन ने इस घटनाक्रम पर हैरानी जताते हुए कहा कि यह बात उन्हें काफी अजीब लगती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी चलाने वाले नेताओं ने निशांत कुमार को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने और जननेता के तौर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर नहीं दिया। उन्हें सीधे स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी दे दी गई। आनंद मोहन के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर निशांत कुमार की राजनीतिक भूमिका और जेडीयू के भीतर नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी





