Hindi News / news / पटना में बेख़ौफ़ हुए अपराधी ! ज्वेलर्स के मालिक से 10 लाख की...

पटना में बेख़ौफ़ हुए अपराधी ! ज्वेलर्स के मालिक से 10 लाख की लूट, फायरिंग कर फैलाई दहशत

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 02, 2024, 10:45:34 AM

पटना में बेख़ौफ़ हुए अपराधी ! ज्वेलर्स के मालिक से 10 लाख की लूट, फायरिंग कर फैलाई दहशत

- फ़ोटो

PATNA : बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में अब एक ताजा मामला राजधानी पटना से निकल कर सामने आया है। जहां सियाराम ज्वेलर्स के मालिक से बदमाशों ने सरेआम 10 लाख रुपये लूट लिए। इस घटना के बाद से राजधानी में कानून व्यवस्था पर फिर से सवाल उठने शुरू हो गए हैं। बताया जा रहा है कि स्वर्ण आभूषण व्यवसायी से बाइक-स्कूटी सवार अपराधियों ने बंदूक दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। भागते वक्त तीन राउंड फायरिंग कर दहशत भी फैलाई। हालांकि, कारोबारी ने हिम्मत दिखाकर लुटेरों का पीछा किया और एक आरोपी को पकड़ लिया।


मिली जानकारी के अनुसार,पटना के कदमकुआं थाना इलाके में बाइक-स्कूटी सवार अपराधियों ने बंदूक दिखाकर स्वर्ण कारोबारी से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। इस घटना की पुष्टि  टाउन डीएसपी ने की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वारदात तब हुई जब ज्लेलरी शॉप के मालिक अपनी दुकान बंद कर रोजाना की तरह घर की ओर जा रहे थे। उनके पास 10 लाख रुपये कैश थे। लुटेरों ने दुकान से ही व्यापारी का पीछा करना शुरू कर दिया। इसके बाद रास्ते में अपराधियों ने उन्हें रोक दिया। लुटेरों ने बंदूक दिखाकर ज्वेलर्स से रुपये लूट लिए। जब व्यापारी ने लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।


उधर, व्यापारी ने हिम्मत दिखाकर लुटेरों का पीछा किया। इस दौरान लुटेरों ने करीब तीन राउंड फायर किए। इसमें व्यापारी बाल-बाल बच गए। भागमभाग में एक लुटेरा पकड़ा गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और लुटेरे की जमकर पिटाई कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लिया। अन्य लुटेरों की तलाश जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में जुटी है।