Hindi News / news / कश्मीर में अगले चार दिन सरकार के लिए बेहद अहम, अजीत डोभाल की...

कश्मीर में अगले चार दिन सरकार के लिए बेहद अहम, अजीत डोभाल की भी होगी अग्निपरीक्षा

1st Bihar Published by: 9 Updated Aug 11, 2019, 7:46:47 PM

कश्मीर में अगले चार दिन सरकार के लिए बेहद अहम, अजीत डोभाल की भी होगी अग्निपरीक्षा

- फ़ोटो

DELHI: कश्मीर पर सबसे बड़ा फैसला ले चुकी केंद्र सरकार के लिए अगले चार दिन बेहद अहम होंगे. 12 से लेकर 15 अगस्त तक के चार दिनों पर सबकी नजर है. इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की भी अग्निपरीक्षा होगी, जो कश्मीर मामले में सरकार के सबसे प्रमुख रणनीतिकार माने जा रहे हैं. क्यों अहम हैं अगले चार दिन दरअसल 12 अगस्त को बकरीद है. ईद की नमाज के दौरान पहली दफे घाटी के लोग एक साथ इकट्ठे होंगे. कश्मीर में ईद की नमाज के बाद पत्थरबाजी की घटनाएं आम बात रही हैं. ऐसे में इस दफे बकरीद के नमाज के बाद माहौल क्या होगा. सरकार इसकी ही तैयारी में लगी है. दो दिन बाद 14 अगस्त है, जो पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस है. पाकिस्तान ने कश्मीर घाटी को अशांत करने के लिए पूरी ताकत लगा दी है. लिहाजा 14 अगस्त को भी कश्मीर को शांत रखना सरकार के लिए बड़ी जिम्मेवारी बन गयी है. 15 अगस्त को सरकार की परीक्षा स्वतंत्रता दिवस यानि 15 अगस्त को भी कश्मीर में सरकार की परीक्षा होगी. दरअसल भाजपा ने इस साल कश्मीर के सभी जिलों में तिरंगा फहराने की योजना बनायी है. पार्टी ने कश्मीर के उन इलाकों में तिरंगा फहराने की योजना बनायी है जो अमूमन अशांत माने जाते रहे हैं. शोपियां, कुलगाम, पुलवामा, अनंतनाग जैसे इलाकों में तिरंगा फहराने के लिए बीजेपी ने पूरी तैयारी की है. डोभाल की होगी अग्निपरीक्षा कश्मीर में अगले चार दिन सरकार के सबसे प्रमुख रणनीतिकार अजीत डोभाल के लिए भी अग्निपरीक्षा के दिन होंगे. डोभाल अपनी पूरी टीम के साथ श्रीनगर में डेरा डाल कर बैठे हैं. पिछले तीन-चार दिनों में उन्होंने शोपियां से लेकर अनंतनाग का दौरा किया है. वे न सिर्फ आम लोगों से मिल रहे हैं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी कर रहे हैं. डोभाल जानते हैं कि ये चार दिन शांति से गुजर गये तो फिर आने वाले समय में कोई बड़ी मुसीबत खड़ी होने वाली नहीं है. लिहाजा उनकी टीम ने भी पूरी तैयारी की है. देखना होगा डोभाल की रणनीति कहां तक सफल होती है.