1st Bihar Published by: Updated Mon, 03 Feb 2020 07:51:53 AM IST
- फ़ोटो
PATNA : पटना नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल आज से शुरू हो गई है निगम के सफाई कर्मी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। दैनिक मजदूरों की सेवा पर रोक लगाने के सरकार के फैसले का विरोध करते हुए सफाई कर्मियों ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया था। नगर विकास विभाग की तरफ से राज्य भर के नगर निकायों में 1 फरवरी से ग्रुप डी की सेवा दैनिक मजदूरों से लेने पर रोक लगा दी गई थी। निगम के सफाई कर्मी सरकार के इसी फैसले का विरोध कर रहे हैं।
पटना नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल शुरू होने से राजधानी सफाई पर संकट पैदा हो गया है। राजधानी की साफ-सफाई पर इस हड़ताल का व्यापक असर पड़ना तय है। सफाई कर्मियों ने आज निगम मुख्यालय का घेराव करने का भी ऐलान किया है। नगर निगम स्टाफ यूनियन ने कहा है कि दैनिक मजदूरों के हटाने का फैसला सरकार में गलत तरीके से किया है इस फैसले के खिलाफ यूनियन अपना संघर्ष जारी रखेगा।
उधर पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू भी सरकार के फैसले के खिलाफ खड़ी हो गई हैं। सीता साहू ने दैनिक मजदूरों की सेवा पर रोक लगाए जाने के फैसले पर एतराज जताते हुए कहा है कि विभाग का यह कदम असंवैधानिक है। सीता साहू ने कहा है कि अगर सरकार को ऐसा कोई फैसला लेना है तो बिहार के सभी नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों को बुलाकर बातचीत करनी चाहिए थी।