मोरहाबादी में शान से लहराया तिरंगा, राज्यपाल रमेश बैस ने किया झंडोत्तोलन

मोरहाबादी में शान से लहराया तिरंगा, राज्यपाल रमेश बैस ने किया झंडोत्तोलन

RANCHI: गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड के मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल रमेश बैस ने झंडोत्तोलन किया। इससे पहले राज्यपाल दीपाटोली स्थित झारखंड युद्ध स्मारक पहुंचे और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल इसके बाद मोरहाबादी मैदान पहुंचे और ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राज्यपाल ने सशस्त्र बल संयुक्त के परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन के दौरान राज्यपाल ने झारखंड के विकास को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।


गणतंत्र दिवस के मौके पर विभिन्न विभागों, बोर्ड और निगमों की ओर से तैयार झांकियां प्रदर्शित की गई। इसके बाद राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस समारोह में उत्कृष्ट परेड करनेवाली टुकड़ियों और झांकियों को पुरस्कृत किया। राज्यपाल ने अपने संबोधन के दौरान देश के लिए बलिदान देने वाले महान स्वंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। इसके साथ ही राज्यपाल ने झारखंड सरकार की कल्याणकारी योनजाओं का भी जिक्र किया।


राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि झारखंड राज्य की अर्थव्यवस्था के मुख्य आधार कृषि और इससे संबंधित गतिविधियां हैं। इस वर्ष सामान्य से काफी कम वर्षा के कारण रोपाई और बुआई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। झारखंड में प्राकृतिक और मानव संसाधन की कोई कमी नहीं है। सरकार कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा, एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। राज्य में सड़क मार्ग, रेल मार्ग एवं वायु मार्ग का विस्तार किया जा रहा है। बता दें कि शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन में ऐट होम कार्यक्रम और सामूहिक बैंड डिस्प्ले का आयोजन होगा। जिसमें राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत तमाम मंत्री और गणमान्य लोग शामिल होंगे।