1st Bihar Published by: PRABHAT SHANKAR Updated Jul 08, 2022, 10:50:54 AM
- फ़ोटो
MUZAFFARPUR: खबर मुजफ्फरपुर जिले की है, जहां गायघाट थानाक्षेत्र के बेनीबाद ओपी के बलौर निधि गांव में एक पति ने पहले दो हत्यारों संग अपनी पत्नी की हत्या कर दी, फिर बाद में हत्यारों ने पति को ही मारकर घर से अलग बगीचे में टांग दिया। सुबह-सबेरे दो शवों के मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बलौर निधि गांव के 50 साल के कुलदीप दास का शव बगीचे में पेड़ से लटका मिला, तो वहीं उनकी 35 साल की पत्नी राजकुमारी देवी का शव घर आंगन में पाया गया।
राजकुमारी देवी के सिर के पीछे तेज धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गयी है। मृतक का छोटे बेटे ने पुलिस को बताया कि देर रात उसके पिता और दो बदमाशों ने मिलकर उसकी मां की हत्या कर दी। इस दौरान पति अपनी पत्नी का हाथ पकड़े था और दूसरा शख्स पैर पकड़ा हुआ था। तीसरे शख्स ने धारदार हथियार से महिला को काट दिया।
बच्चे ने बताया कि पिता ने मुझे भी धमकी देते हुए कहा कि जाकर अपने कमरे में सो जाओ नहीं, तो तुम्हे भी मार डालेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि पत्नी की हत्या के बाद शायद उन दोनों हत्यारों ने पति कुलदीप दास की भी हत्या कर बगीचे में लटका दिया। पति कुलदीप दास के शरीर पर खून के छींटे भी थें। पति-पत्नी की हत्या की खबर से इलाके में दहशत फ़ैल गया है। गायघाट थानाध्यक्ष अनूप कुमार और बेनीबाद ओपी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।