Road Accident: झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई. कर्रा थाना क्षेत्र में स्कूटी दुर्घटना के बाद सड़क किनारे जुटे लोगों को तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रक ने कुचल दिया. मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर पोडा से पहले जोन-लुद्रू मोड़ के पास हुई. जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:45 बजे एक स्कूटी सवार अपना संतुलन खो बैठा और पुलिया के पास झाड़ियों में जा गिरा. हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास की कॉलोनी से महिलाएं और बच्चे स्कूटी सवार की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए.
इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे जमा लोगों को कुचलता हुआ निकल गया. ट्रक की चपेट में आने से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए.
मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पाको देवी, कसीला देवी, मन्हु देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, टुटी कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक के रूप में हुई है. वहीं खुशबू कुमारी नाम की महिला घायल हुई है. उसका इलाज खूंटी सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. पुलिस और ग्रामीणों की सहायता से सभी को खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां इलाज के दौरान रात करीब 11:15 बजे 12 वर्षीय सौरभ नायक की भी मौत हो गई. इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई.
ट्रक चालक और सहायक मौके से फरार
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक नशे में था और काफी तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहा था. बताया जा रहा है कि ट्रक तोरपा की ओर से कर्रा की तरफ जा रहा था. इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के बाद ट्रक चालक और उसका सहायक मौके से फरार हो गए. दुर्घटना में शामिल ट्रक का नंबर JH 02 AJ 1377 बताया गया है. खूंटी एसपी के अनुसार, स्कूटी दुर्घटना के बाद मौके पर जमा लोगों को ट्रक ने कुचल दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.





