DESK: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। संभल जिले की रहने वाली 31 वर्षीय अमीना ने महज 5 दिनों के भीतर 5 बच्चों को जन्म दिया। खास बात यह रही कि इतने हाई-रिस्क मामले में चारों बच्चों की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई।
अमीना संभल जिले के असमोली क्षेत्र की निवासी हैं। गर्भावस्था की शुरुआती जांच में ही डॉक्टरों को पता चल गया था कि उनके गर्भ में चार भ्रूण पल रहे हैं। इसे बेहद संवेदनशील और जोखिम भरा मामला माना गया।
डॉक्टरों ने दी थी फीटल रिडक्शन की सलाह
टीएमयू अस्पताल के डॉक्टरों ने परिवार को फीटल रिडक्शन यानी भ्रूणों की संख्या कम करने की सलाह दी थी, ताकि मां और बच्चों की जान को सुरक्षित रखा जा सके। हालांकि परिवार ने ईश्वर पर भरोसा जताते हुए चारों बच्चों को जन्म देने का फैसला किया।
प्रेग्नेंसी के दौरान कई बार बिगड़ी तबीयत
गर्भावस्था के दौरान अमीना को ब्लड प्रेशर और लीवर संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। हर 15 से 20 दिन पर जांच की जा रही थी और कई बार उन्हें अस्पताल में भर्ती भी करना पड़ा।
5 दिनों में हुई चारों बच्चों की डिलीवरी
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, 8 मई को अमीना को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद 9 मई को उन्होंने पहले बच्चे को जन्म दिया, जो एक बेटा है। जन्म के समय उसका वजन करीब 710 ग्राम था।
डॉक्टरों ने उस समय बाकी डिलीवरी को नियंत्रित कर रोक दिया, क्योंकि गर्भावस्था अभी साढ़े छह से सात महीने के बीच थी। इसके बाद 14 मई को दोबारा प्रसव पीड़ा शुरू हुई और अस्पताल पहुंचने पर तीन अन्य बच्चों की भी सफल नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। इनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं।
मां और बच्चे डॉक्टरों की निगरानी में
फिलहाल मां और चारों नवजात बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार एक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि अन्य बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत है। इस जटिल डिलीवरी को सफल बनाने में डॉ. शुभ्रा अग्रवाल, डॉ. पूर्ति, डॉ. रोली और डॉ. मोनिका समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की अहम भूमिका रही। बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम ने अस्पताल और डॉक्टरों की टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही टीएमयू अस्पताल पर पूरा भरोसा था।



