DESK: राजस्थान के पुष्कर मेले में इन दिनों एक अनोखी भैंस लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। महज 2 फीट कद की इस भैंस का नाम पिंकी है। मेले में आने वाले लोग बड़े-बड़े घोड़ों, सजे-धजे ऊंटों और विशालकाय भैंसों को देखने पहुंच रहे हैं, लेकिन इन सबके बीच छोटी सी पिंकी ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
पिंकी की सबसे खास बात उसका छोटा कद है। उसके मालिक ने इसकी कीमत 1 करोड़ रुपये बताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मालिक का दावा है कि पिंकी बेहद दुर्लभ है। उसका छोटा आकार, शांत स्वभाव और अनोखा रूप उसे दूसरे पशुओं से अलग बनाता है। इसी वजह से मालिक ने इसकी कीमत इतनी अधिक रखी है। हालांकि, 1 करोड़ रुपये की कीमत की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और अभी तक किसी खरीदार के सामने आने की जानकारी भी नहीं है।
पुष्कर मेले में पहुंचे 7 हजार से अधिक पशु
राजस्थान के पुष्कर में आयोजित होने वाला पशु मेला देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के प्रसिद्ध पशु मेलों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पशुओं के साथ पहुंचते हैं। इस बार मेले में 7 हजार से अधिक पशुओं के पहुंचने की जानकारी है। मेले में कई दुर्लभ और आकर्षक पशु लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं, लेकिन पिंकी अपने छोटे कद की वजह से खास आकर्षण बनी हुई है।
क्या पिंकी है दुनिया की सबसे छोटी भैंस?
पिंकी से पहले महाराष्ट्र की राधा नाम की भैंस भी अपने छोटे कद की वजह से काफी चर्चा में रही थी। उसकी लंबाई 2 फीट 8 इंच बताई गई थी और उसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली थी। अब पिंकी का कद उससे भी कम यानी करीब 2 फीट बताया जा रहा है। इसी वजह से लोग उसे देखने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि, पिंकी के दुनिया की सबसे छोटी भैंस होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल, पुष्कर मेले में पिंकी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। अपनी अनोखी कद-काठी और 1 करोड़ रुपये की बताई जा रही कीमत के कारण वह मेले की सबसे चर्चित भैंसों में शामिल हो गई है।





