Nvidia CEO Reports: दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO Jensen Huang इन दिनों अपनी काम करने की शैली को लेकर चर्चा में हैं. AI की दुनिया में Nvidia को इतनी बड़ी पहचान दिलाने वाले Jensen Huang पर आरोप लगे हैं कि वह अपने कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते थे. कहा जा रहा है कि कंपनी में काम करने वाले कई लोग उनके गुस्से और सख्त रवैये से परेशान रहते थे.
एक रिपोर्ट के मुताबिक, Jensen Huang कई बार कर्मचारियों को सबके सामने डांट देते थे. इतना ही नहीं, उन पर कर्मचारियों को लेकर निजी और अपमानजनक बातें कहने के भी आरोप लगे हैं. कुछ कर्मचारियों ने तो यहां तक दावा किया कि उन्हें हिंसक धमकियां भी दी गईं.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जैसे-जैसे Nvidia का कारोबार बढ़ा और कंपनी की कमाई बढ़ती गई, वैसे-वैसे Jensen Huang का कर्मचारियों से काम लेने का तरीका भी बदलता गया.
बताया जाता है कि उनका मानना था कि कंपनी के कर्मचारी अब इतने अमीर हो चुके हैं कि सिर्फ अच्छी सैलरी देकर उनसे ज्यादा काम नहीं कराया जा सकता. ऐसे में कर्मचारियों पर दबाव बनाने और उन्हें डांटने का तरीका अपनाया जाने लगा.
कर्मचारियों ने खोली कंपनी के अंदर की बात
इस रिपोर्ट में Nvidia के एक दर्जन से ज्यादा मौजूदा और पुराने कर्मचारियों से बातचीत के आधार पर कई बातें सामने आई हैं. कुछ कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी में इस तरह का व्यवहार आम बात बन गया था. कई लोगों ने HR विभाग यानी कर्मचारियों की शिकायत सुनने वाले विभाग में भी इसकी शिकायत की. हालांकि, कुछ कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी शिकायतों पर कोई खास कार्रवाई नहीं हुई.
हालांकि, ऐसा भी नहीं है कि Nvidia के सभी कर्मचारी Jensen Huang से नाराज हैं. कई कर्मचारी आज भी उनका काफी सम्मान करते हैं और उनके नेतृत्व को पसंद करते हैं.
कुछ कर्मचारियों ने उनके समर्थन में चिट्ठियां भी लिखीं. वहीं, कुछ लोग तो कंपनी के प्रति अपना लगाव दिखाने के लिए Nvidia के लोगो का टैटू तक बनवा चुके हैं.
इसमें कोई शक नहीं कि Nvidia को AI की दुनिया में इतनी बड़ी कंपनी बनाने में Jensen Huang की अहम भूमिका रही है. लेकिन उनके व्यवहार को लेकर सामने आए इन आरोपों ने कंपनी के अंदर काम करने के माहौल पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
एक तरफ लोग उन्हें दूर की सोच रखने वाला और सफल कारोबारी मानते हैं, तो दूसरी तरफ कुछ कर्मचारियों के अनुभव उनकी लीडरशिप पर सवाल उठा रहे हैं.





