DESK: भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुरधाम के बीच रेल सेवा शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इस नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस ट्रेन का नाम सरयू-कमला एक्सप्रेस रखा गया है।
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। पहले दिन इसमें 1,158 यात्री सफर करेंगे। आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन सेवा की शुरुआत 28 नवंबर से होने की उम्मीद है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, भगवान राम की बारात को अयोध्या से मिथिला के जनकपुर पहुंचने में चार दिन लगे थे। वहीं, अब सरयू-कमला एक्सप्रेस से यह सफर करीब 19 घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों से गुजरेगी ट्रेन
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या धाम से रवाना होकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन से गुजरेगी। इसके बाद ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुरधाम पहुंचेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी। जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए शनिवार को रवाना होगी, जबकि अयोध्या कैंट से जनकपुरधाम के लिए सोमवार को चलेगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी समेत आसपास के इलाकों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। खासकर नेपाल से अयोध्या और उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा।
जयनगर स्टेशन पर होगी यात्रियों के दस्तावेजों की जांच
भारत और नेपाल के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने वाली इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच बिहार के जयनगर स्टेशन पर की जाएगी। इसी प्रक्रिया के कारण जयनगर स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव भी अधिक रखा गया है। जनकपुरधाम से अयोध्या आने के दौरान ट्रेन यहां एक घंटे रुकेगी, जबकि अयोध्या से जनकपुरधाम जाने के दौरान दो घंटे का ठहराव होगा।
भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाएंगे। इनमें यात्रियों की नागरिकता और पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी। जांच के लिए ये चार्ट संबंधित अधिकारियों को भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
भारत-नेपाल के रिश्ते होंगे और मजबूत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू होने से भारत और नेपाल के सदियों पुराने 'रोटी-बेटी' के रिश्ते और मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की पवित्र नगरी है, जबकि जनकपुर माता जानकी की जन्मस्थली है। इस रेल सेवा से अवध और मिथिला के बीच आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नया आयाम मिलेगा।
ट्रेन के उद्घाटन को लेकर अयोध्या कैंट स्टेशन पर विशेष तैयारियां की गई हैं। स्टेशन को फूलों से सजाया गया है और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कलाकार भजन और रामधुन प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पूर्व पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को गले लगाया और उनका स्वागत किया। इस दौरान रेड कार्पेट बिछाया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की।
अब दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है। इसमें दोनों नेता भारत-नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। बैठक के बाद दोनों नेता अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे।





