पबजी की लत बनी मौत की वजह, हेडफोन लगाकर गेम खेल रहे युवक की फटी दिमाग की नस

मेरठ में देर रात तक पबजी गेम खेल रहे 22 वर्षीय युवक की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच गया था। दो दिन दिल्ली में इलाज के बाद युवक ने दम तोड़ दिया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mon, 09 Feb 2026 04:23:06 PM IST

उत्तर प्रदेश न्यूज

मोबाइल गेम ने ले ली जान - फ़ोटो सोशल मीडिया

DESK:मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान एक युवक के दिमाग की नस फट गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के सामने आने के बाद लोग अपने बच्चों पर नजर रख रहे हैं। उन्हें मोबाइल का इस्तेमाल ज्यादा नहीं करने की बात कह रहे हैं।


दिल को दहला देने वाली घटना यूपी के मेरठ की है, जहां पबजी गेम की लत ने एक युवक की जान ले ली। बताया जाता है कि देर रात तक उसे हेडफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेलने की आदत थी। जब वह हेडफोन लगाकर पबजी खेल रहा था तभी दिमाग की नस फट गयी। ब्लड प्रेशन 300 पार पहुंच गया जिसके कारण उसकी हालत गंभीर हो गयी। आनन-फानन में युवक को  दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दोनों तक उसका इलाज चला और अंतत: रविवार की सुबह उसकी मौत हो गयी। 


मृत युवक की पहचान देहलीगेट थाना क्षेत्र के खैरनगर गूलर गली निवासी प्रॉपर्टी डीलर फारुक के 22 वर्षीय बेटे मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे कैफ गेम खेलते-खेलते बेड से नीचे गिर पड़ा। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद उसकी हालत गंभीर बता डॉक्टर ने दिल्ली रेफर कर दिया। जिसके बाद उसे दिल्ली ले जाया गया। दिल्ली के एक अस्पताल में दो दिनों तक उसका इलाज चला। लेकिन रविवार सुबह युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। 


डॉक्टरों ने बताया कि ब्लड प्रेशर ज्यादा बढ़ जाने के कारण दिमाग का नस फट गया था, जिसके कारण युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया। मृतक के जीजा शाहिद ने बताया कि मोहम्मद कैफ घर का इकलौता चिराग था। रविवार रात परिजनों ने शव को कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में थाने को कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है। यदि परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


शादी की तैयारी में था पूरा परिवार

मृतक कैफ के जीजा ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी और परिवार उसके लिए रिश्ता देख रहा था। कैफ की मौत के बाद मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


चार महीने से खेल रहा था पबजी  

कैफ के पिता ने बताया कि वह पिछले चार महीनों से पबजी गेम खेल रहा था और देर रात तक हेडफोन लगाकर मोबाइल चलाता था। उसे सोशल मीडिया पर रील बनाने का भी शौक था। परिजनों ने यह भी बताया कि कैफ को पहले से हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत थी और उसका इलाज चल रहा था। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तनुराज सिरोही का कहना है कि बढ़ता स्क्रीन टाइम बच्चों की सेहत और मानसिक क्षमता को प्रभावित कर रहा है। मोबाइल से दूरी और खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है।