DESK: मोहब्बत में धोखा मिलने का आरोप लगाकर एक युवती अपने प्रेमी की शादी रुकवाने के लिए तीन दिनों तक थाने के चक्कर लगाती रही, लेकिन उसकी कोशिशें कामयाब नहीं हो सकीं।
मामला उत्तर प्रदेश के शामली का है, जहां देहरादून की रहने वाली युवती अपने परिजनों के साथ प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती का आरोप है कि युवक साल 2018 से उसके संपर्क में था और शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। लेकिन अब वह किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है।
युवती ने पुलिस से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगाई, सोशल मीडिया पर भी अपनी बात रखी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की। लेकिन दूसरी ओर प्रेमी अपनी शादी की तैयारी में जुटा रहा और आखिरकार दो गाड़ियों में बारात लेकर दुल्हन लेने निकल गया।
मामला शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र के कस्बा एलम का है। यहां रहने वाले एक युवक की शादी दूसरी जगह तय हुई थी। इसकी जानकारी मिलने पर देहरादून की रहने वाली युवती अपने परिजनों के साथ युवक के घर पहुंच गई और शादी रुकवाने की मांग करने लगी।
युवती का आरोप है कि युवक साल 2018 से उसके संपर्क में था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। युवती का दावा है कि शादी का भरोसा देकर युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। लेकिन अब युवक दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है।
अपनी शिकायत लेकर युवती लगातार तीन दिनों तक कांधला थाने पहुंचती रही। उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर युवक की शादी रुकवाने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच थाने में बातचीत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट युवती ने सोशल मीडिया पर भी अपनी आपबीती साझा की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई। युवती लगातार पुलिस अधिकारियों को फोन कर शादी रुकवाने की मांग करती रही।
इधर, युवक पक्ष अपनी शादी की तैयारियों में जुटा रहा। शनिवार को युवती और उसके परिजनों के थाने से लौटने के बाद युवक के परिवार ने बारात लेकर जाने की तैयारी पूरी कर ली। बताया जा रहा है कि युवक एक दिन पहले ही दिल्ली में अपने रिश्तेदार के यहां पहुंच गया था। इसके बाद शनिवार को युवक के परिजन सीमित बारातियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
वहीं, युवती भी हार मानने को तैयार नहीं थी। वह दिल्ली में होने वाले विवाह समारोह के मंडप और कार्यक्रम स्थल का पता लगाने में जुटी रही। माना जा रहा था कि वह शादी स्थल पर पहुंचकर एक बार फिर शादी रुकवाने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, युवती विवाह स्थल तक पहुंची या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। उधर, संभावित हंगामे और विवाद की आशंका को देखते हुए एलम चौकी पुलिस भी सतर्क रही।
फिलहाल, युवती के आरोपों की सच्चाई और पूरे मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। लेकिन जिस युवक की शादी रुकवाने के लिए युवती तीन दिनों तक थाने के चक्कर लगाती रही, वह आखिरकार दूसरी युवती से शादी करने के लिए बारात लेकर रवाना हो गया।





